कभी डिलीवरी बॉय बनकर की थी करियर की शुरुआत, आज SSG Furnishing Solutions के जरिए खड़ा किया बड़ा कारोबार; अब लाखों लोगों को रोजगार देने और टेक्निकल टेक्सटाइल के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य।
कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों और कुछ कर गुजरने का जुनून हो, तो मुश्किल से मुश्किल हालात भी मंजिल तक पहुंचने का रास्ता बन जाते हैं। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के एक किसान परिवार में जन्मे चंद्रभूषण मिश्रा की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। कभी महज 36 रुपये जेब में लेकर घर से निकले चंद्रभूषण ने दिल्ली में 850 रुपये महीने की तनख्वाह पर डिलीवरी बॉय के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। आज वह 150 करोड़ रुपये से अधिक के टर्नओवर वाली SSG Furnishing Solutions Limited का नेतृत्व कर रहे हैं। संघर्ष, मेहनत, दूरदर्शिता और जोखिम उठाने के साहस से उन्होंने न केवल अपना कारोबार खड़ा किया, बल्कि हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी तैयार किए। अब उनका लक्ष्य इस संख्या को और आगे बढ़ाते हुए लाखों लोगों तक रोजगार के अवसर पहुंचाना है।
पिता की डांट के बाद छोड़ा घर, 36 रुपये लेकर पहुंचे दिल्ली
चंद्रभूषण मिश्रा के जीवन में बड़ा बदलाव वर्ष 1994 में आया। पिता की डांट से आहत होकर उन्होंने घर छोड़ने का फैसला कर लिया। उस समय वह स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके थे, लेकिन भविष्य की राह स्पष्ट नहीं थी। जेब में सिर्फ 36 रुपये लेकर वह ट्रेन से दिल्ली पहुंच गए। अनजान शहर, सीमित संसाधन और सामने खड़ी चुनौतियों के बीच उन्होंने संघर्ष शुरू किया।
कुछ दिनों की तलाश के बाद उन्हें एक शिपिंग कंपनी में 850 रुपये महीने की नौकरी मिल गई। जिम्मेदारी डिलीवरी बॉय की थी, लेकिन उनके सपने इससे कहीं बड़े थे। वह रोजाना 15 से 16 घंटे तक काम करते और हर दिन कुछ नया सीखने की कोशिश करते। उनकी मेहनत, लगन और काम के प्रति समर्पण को देखते हुए कंपनी ने धीरे-धीरे उन्हें ऑपरेशंस की जिम्मेदारी सौंपनी शुरू कर दी।
वर्ष 1998 में उन्हें कस्टम हाउस से जुड़े कामकाज में भी अवसर मिला। यहां उन्होंने सामान के मूल्यांकन से लेकर संचालन और कारोबारी प्रक्रियाओं तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। लगातार सीखने और बेहतर प्रदर्शन के दम पर वह उसी कंपनी में आगे बढ़ते हुए CEO के पद तक पहुंच गए। हालांकि, इस मुकाम पर पहुंचने के बावजूद खुद का कारोबार खड़ा करने का सपना उनके मन में बना रहा।
खिड़की के पर्दों से आया करोड़ों का कारोबार शुरू करने का विचार
नौकरी में सफलता हासिल करने के बाद वर्ष 2014 में चंद्रभूषण मिश्रा ने एक बड़ा फैसला लिया और नौकरी छोड़ दी। अब वह अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते थे, लेकिन कारोबार किस क्षेत्र में किया जाए, इसे लेकर मंथन जारी था।
इसी दौरान घर की खिड़की पर लगे पर्दों को देखकर उनके मन में विंडो ब्लाइंड्स के कारोबार का विचार आया। उन्होंने इस क्षेत्र को समझने के लिए दिल्ली की एक कंपनी से संपर्क किया और इसके निर्माण, लागत, कच्चे माल, डिजाइन, उत्पादन तथा बाजार की संभावनाओं के बारे में जानकारी जुटाई।
सिर्फ शुरुआती जानकारी तक सीमित रहने के बजाय उन्होंने इस कारोबार की तकनीक और उत्पादन प्रक्रिया को गहराई से समझने का प्रयास किया। इसके लिए वह चीन गए और वहां विंडो ब्लाइंड्स के निर्माण तथा आधुनिक तकनीक को करीब से देखा। इसके अलावा कोरिया सहित अन्य देशों की यात्रा कर इस क्षेत्र के बारे में अनुभव और जानकारी हासिल की।
बेसमेंट से शुरू हुआ SSG का सफर, 32 लाख से करोड़ों तक पहुंचा कारोबार
पूरी तैयारी और बाजार की समझ विकसित करने के बाद वर्ष 2015 में चंद्रभूषण मिश्रा ने एक मित्र से उधार लेकर घर के बेसमेंट से SSG Trading की शुरुआत की। सीमित संसाधनों के बावजूद उनके इरादे बड़े थे। शुरुआत में परिवार के सदस्यों ने भी उनका साथ दिया और सभी ने मिलकर इस कारोबार को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभाली।
SSG ब्रांड के प्रति उनका जुड़ाव इतना गहरा था कि उन्होंने अपने और अपने बेटे के हाथ पर SSG के लोगो का टैटू तक बनवा लिया। यह उनके लिए सिर्फ एक कारोबार नहीं, बल्कि एक सपना और परिवार की पहचान बन चुका था।
शुरुआत के दौर में ही कंपनी ने करीब 32 लाख रुपये का कारोबार किया। इसके बाद लगातार विस्तार और मेहनत के दम पर कारोबार आगे बढ़ता गया। आज SSG Trading से विकसित होकर कंपनी SSG Furnishing Solutions Limited के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है और इसका टर्नओवर 150 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है।
चंद्रभूषण मिश्रा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कंपनी ने 200 करोड़ रुपये के टर्नओवर का लक्ष्य निर्धारित किया है।
कोरोना महामारी के दौरान कंपनी को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा और कारोबार में गिरावट आई। हालांकि, इस चुनौतीपूर्ण दौर में उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। टीम की मेहनत, नई तकनीक के इस्तेमाल और बेहतर रणनीति के जरिए कंपनी ने धीरे-धीरे परिस्थितियों से उबरकर दोबारा विकास की राह पकड़ी।
देशभर में पहुंच रहे SSG के विंडो ब्लाइंड्स, हजारों लोगों को मिला रोजगार
आज SSG Furnishing Solutions रोलर ब्लाइंड्स, वर्टिकल ब्लाइंड्स, मोटराइज्ड ब्लाइंड्स और उनसे जुड़े कंपोनेंट्स के क्षेत्र में काम कर रही है। कंपनी की मौजूदगी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा सहित देश के कई राज्यों और शहरों में है। कंपनी के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक भी पहुंच रहे हैं।
चंद्रभूषण मिश्रा के अनुसार, SSG के कारोबार से देशभर में करीब 4 से 5 हजार लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। कंपनी का उद्देश्य केवल अपने कारोबार का विस्तार करना नहीं, बल्कि इसके साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा करना है।
इसी दिशा में नोएडा में टेक्निकल टेक्सटाइल से जुड़ी उत्पादन इकाई का विस्तार करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके अलावा मध्य प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग यूनिट और लखनऊ के पीएम मित्र पार्क में टेक्निकल टेक्सटाइल से जुड़े उत्पादों का निर्माण शुरू करने की भी योजना है।
लाखों लोगों को रोजगार देने और भारत को आत्मनिर्भर बनाने का सपना
चंद्रभूषण मिश्रा का मानना है कि किसी भी कारोबार की सफलता सिर्फ उसके टर्नओवर से नहीं मापी जानी चाहिए, बल्कि यह भी महत्वपूर्ण है कि उस कारोबार से कितने लोगों की जिंदगी में बदलाव आया है।
इसी सोच के साथ उनका लक्ष्य आने वाले समय में कंपनी का विस्तार करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। वह चाहते हैं कि SSG के विकास के साथ हजारों से बढ़कर लाखों लोगों तक रोजगार के अवसर पहुंचें।
इसके साथ ही टेक्निकल टेक्सटाइल के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का सपना भी उनके प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है। इसके लिए कंपनी नई तकनीक, उत्पादन क्षमता और नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है।
36 रुपये लेकर घर से निकले एक युवा का 150 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार तक पहुंचना सिर्फ एक कारोबारी सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि यह मेहनत, धैर्य और अपने सपनों पर भरोसा रखने की मिसाल भी है। चंद्रभूषण मिश्रा का सफर बताता है कि शुरुआत कितनी भी छोटी क्यों न हो, अगर लक्ष्य बड़ा हो और उसे पाने का जुनून हो तो रास्ते खुद बनते चले जाते हैं।